फॉण्ट कनवर्टर NEW

गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी, जन भागीदारी अभियान की तैयारियां तेज

Chaibasa news: जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के सफल संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के सफल संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देश दिया गया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आदि सेवा केंद्रों का टैगिंग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जेएसएलपीएस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि आगामी “आहार दिवस” के अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी रोस्टर के अनुसार अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर आहार वितरण कार्य का निरीक्षण करेंगे।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान के तहत जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, अधिकार एवं लाभ से संबंधित शिविर, जनसुनवाई कार्यक्रम तथा ग्राम संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, लाभुकों की समस्याओं का समाधान करना तथा योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है।

अभियान की रूपरेखा के अनुसार 18 मई से 25 मई तक “जन भागीदारी सप्ताह” मनाया जाएगा। इस दौरान पंचायत दिवस, आहार दिवस, ट्रांजिट वॉक, रक्तदान शिविर, सखी संवाद, विशेष ग्राम सभा, तिथि भोज सह जन्मोत्सव, स्वास्थ्य शिविर, राजस्व शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram