फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बच्चों ने लगाया हरियाली का संकल्प, गूंजा पर्यावरण बचाने का संदेश

Lohardaga news: केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाडीपाड़ा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय

अपनी भाषा में पढ़ें

Lohardaga news: केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाडीपाड़ा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक अरुण राम ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। वे न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर मानव और अन्य जीव-जंतुओं के जीवन को सुरक्षित रखते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षों की संख्या बढ़ने से वर्षा चक्र संतुलित रहता है, भूजल स्तर में सुधार होता है तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में मदद मिलती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधे हमें फल, फूल, औषधियां, लकड़ी और छाया प्रदान करते हैं। साथ ही मिट्टी के कटाव को रोकने, जैव विविधता के संरक्षण और पृथ्वी को हरित एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपने माता-पिता अथवा अभिभावकों के साथ एक पौधा लगाने तथा उसकी तस्वीर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की। विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि एक परिपक्व वृक्ष प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वातावरण को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

साथ ही वृक्ष पक्षियों एवं अन्य जीवों के लिए प्राकृतिक आवास भी उपलब्ध कराते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

विद्यालय परिवार ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। कार्यक्रम में शिक्षिका नेमहंती मिंज, सुमित्रा टोप्पो, अनुप एक्का, उजबेला तिर्की, नीलम कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अंजूषा उरांव, उपाध्यक्ष सुमति देवी, माता समिति सदस्य सुमन देवी, पुष्पा देवी, सुनीता देवी एवं यमुना देवी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram