Jamshedpur news: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। सहायक आयुक्त उत्पाद संजय मेहता के निर्देश पर बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी कर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा और स्लैग रोड के अलावा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट एवं हरिजन बस्ती में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान कई स्थानों की तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कुल 27.75 लीटर अवैध विदेशी शराब और 106.5 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की। जांच के क्रम में बर्मामाइंस स्थित ट्यूब गेट हरिजन बस्ती में संचालित एक अवैध बिक्री केंद्र का भी भंडाफोड़ किया गया। यहां से सुशांत मुखी नामक व्यक्ति को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 7.5 लीटर विदेशी शराब तथा 30 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, अभियान के दौरान चिन्हित अन्य फरार कारोबारियों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के कारोबार पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा ताकि सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
