गुमला में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को खेल प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, खेल संस्कृति को मजबूत करना और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि गुमला जिले की खेल परंपरा गौरवशाली रही है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता का भी प्रतीक है। जिला प्रशासन खिलाड़ियों के सम्मान और उनके विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर जिले के अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में पूर्व ओलंपियन और हॉकी खिलाड़ी मनोहर टोप्पो सहित हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हैंडबॉल, कुश्ती, कबड्डी, शूटिंग और अन्य खेलों से जुड़े कई खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों और खेल संस्थानों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हॉकी और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और विजेता-उपविजेता का खिताब हासिल किया।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। विशेष पुरस्कारों के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




