Jharkhand News: चैनपुर अनुमंडल के डुमरी प्रखंड अंतर्गत नवाडीह पंचायत के बेरी गांव में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश से जहां खेतों में पानी भर गया है, वहीं कई कच्चे मकान भी प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान गांव निवासी लक्ष्मण शाह को हुआ है, जिनका कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और मिट्टी धंसने से लक्ष्मण शाह का घर अचानक भरभरा कर गिर गया। घर के गिरते ही परिवार के सदस्य किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। सौभाग्यवश कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन घर के भीतर रखा सारा सामान मलबे में दब गया। लक्ष्मण शाह का परिवार फिलहाल पड़ोसियों के घर में शरण लिए हुए है और खाने-पीने की भी गंभीर समस्या का सामना कर रहा है।
पीड़ित लक्ष्मण शाह ने बताया कि उनके पास रहने के लिए अब कोई ठिकाना नहीं बचा है और प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बेरी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में कई और मकान बारिश से प्रभावित हुए हैं। अगर समय पर प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग:
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बेरी गांव का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और पुनर्वास की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।



