फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे के हमले में पिता की मौत

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत चमाईजुड़ी गांव में शनिवार देर शाम पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी घटना में बदल गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 56 वर्षीय अनिरुद्ध तांती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत चमाईजुड़ी गांव में शनिवार देर शाम पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी घटना में बदल गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 56 वर्षीय अनिरुद्ध तांती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे विजय पात्रो को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय विजय पात्रो नशे का आदी था। परिवार के लोग उसे अक्सर नशे से दूर रहने की सलाह देते थे। शनिवार शाम भी पिता अनिरुद्ध तांती ने बेटे को नशा करने से रोका, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि गुस्से में विजय पात्रो ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में अनिरुद्ध तांती गंभीर रूप से घायल हो गए। घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल पोटका अस्पताल पहुंचाया।

पोटका अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस गांव पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है तथा आरोपी से पूछताछ जारी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram