भागलपुर: जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ई-रिक्शा और हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा चायंटोला गांव के पास मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सनोखर गांव निवासी 24 वर्षीय संतोष कुमार और सबौर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी 25 वर्षीय मो. कुर्बान के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा और हाइवा को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



