Gumla: गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गुमला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 132 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गांजा की तस्करी ओडिशा राज्य से झारखंड के गुमला जिले में की जा रही थी। तस्कर एक काले रंग की हुंडई कार और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन के जरिए नशीले पदार्थ की ढुलाई कर रहे थे। इस पूरे ऑपरेशन को पालकोट थाना पुलिस और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) ने अंजाम दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : Lohardaga News: कुडू थाना की बड़ी कामयाबी, कार से डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद
गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालकोट थाना क्षेत्र में दो वाहनों के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बसिया अनुमंडल के एसडीपीओ नाजिर अख्तर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें पालकोट थाना पुलिस और क्यूआरटी को शामिल किया गया।
रविवार की सुबह पालकोट थाना क्षेत्र के दतली डैम पुल के पास जंगल इलाके में चेकनाका लगाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोका गया और उनकी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में हुंडई कार और स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
वाहन में सवार लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि गाड़ियों में कुल 132 किलोग्राम गांजा रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने गांजा को जब्त कर लिया और तस्करी में शामिल चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और लोगों की भी पहचान की जा रही है।



