Chatra news: राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति (RASS) के तत्वावधान में आयोजित लावालौंग में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ, विभागाध्यक्ष, बीएड, चतरा कॉलेज, चतरा तथा विशिष्ट अतिथि श्री बिपिन भारती, प्रखंड विकास पदाधिकारी, लावालौंग द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री बिपिन भारती ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।कार्यक्रम के आयोजक रंजय भारती, भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति का उद्देश्य है।

उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं युवा सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शंकर साहू, रक्तमित्र के संस्थापक विवेक केशरी,खगेश्वर साहू, शुभ्रा ट्यूशन लावालौंग के निदेशक पंकज केशरी, रवि विश्वकर्मा पूर्व ABVP छात्र अध्यक्ष चतरा कॉलेज चतरा, नीरज चंद्रवंशी, अक्षय ठाकुर, चुरामन साहू, अरविंद नंद कश्यप, विरोधी गंझू, रामजीत गंझू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share.
Exit mobile version