फॉण्ट कनवर्टर NEW

गोइलकेरा में गैराज में भीषण आग, नौ बाइक और लाखों का सामान जलकर राख

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में मंगलवार की रात एक भीषण अग्निकांड में नौ बाइकें और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह आग पीटर ढाबा के बगल में स्थित मैकेनिक नमन बोदरा के बाइक गैराज में लगी। रात करीब सवा

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में मंगलवार की रात एक भीषण अग्निकांड में नौ बाइकें और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह आग पीटर ढाबा के बगल में स्थित मैकेनिक नमन बोदरा के बाइक गैराज में लगी। रात करीब सवा नौ बजे अचानक उठे धुएं ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

मिनटों में विकराल बना हादसा

गैराज में बड़ी मात्रा में टायर, मोबिल ऑयल और स्पेयर पार्ट्स रखे थे, जिससे आग ने कुछ ही देर में पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। पास के होटल में मौजूद लोगों ने फौरन दुकान मालिक और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा और प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लेकर तत्काल राहत कार्य शुरू कराया।

दमकल पहुंचने में हुई देरी

चक्रधरपुर से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गैराज पूरी तरह जल चुका था। आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन गोइलकेरा बाजार की बिजली काट दी, ताकि किसी शॉर्ट सर्किट से बड़ा हादसा न हो। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास के पेट्रोल पंप तक खतरा बढ़ गया।

पेट्रोल पंप और आसपास क्षेत्र में अलर्ट

गैराज से करीब 100 मीटर दूर स्थित पेट्रोल पंप के सभी वॉल्व बंद कराए गए। आसपास की दुकानों के लोगों ने खुद अपने सामान हटाकर नुकसान से बचाव किया। प्रशासन और ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास नहीं फैल पाई। देर रात करीब 11 बजे दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

बड़ा हादसा टला, जांच के आदेश

सौभाग्य से इस हादसे में किसी हताहत की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराने और जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram