भोपाल: मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में एक बड़े राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। शासकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित “स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण” कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश भर के महिला स्व-सहायता समूहों को 300 करोड़ रुपये के बैंक ऋण की बड़ी सौगात देंगे।
जिला प्रशासन की तैयारियों के अनुसार, इस भव्य समागम के दौरान मुख्यमंत्री झाबुआ जिले के समग्र विकास के लिए 283.81 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 57 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 174.64 करोड़ रुपये के 29 नवीन विकास कार्यों का भूमि-पूजन तथा 109.17 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 28 बुनियादी ढांचागत कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े झाबुआ जिले के 215 स्व-सहायता समूहों को विशेष रूप से 10.8 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ सामग्री और चेक प्रदान किए जाएंगे। क्षेत्र का मान बढ़ाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री का क्षेत्र के उन्नत और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के साथ सीधा संवाद होगा। इस चर्चा के दौरान वे किसानों के अनुभवों को जानेंगे और राज्य में जैविक एवं पर्यावरण-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श करेंगे।
इसके अलावा, स्थानीय हस्तशिल्प और स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित “आजीविका मेला” प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री अवलोकन करेंगे। इस आयोजन को लेकर झाबुआ और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों तथा महिला समूहों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




