फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार पुलिस परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश नाकाम, सिपाही और 2 होमगार्ड समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

वॉकी-टॉकी और ब्लूटूथ से नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, परीक्षा केंद्र के बाहर-भीतर फैला था नेटवर्क

अपनी भाषा में पढ़ें

सारण: बिहार के सारण जिले में पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र से प्रतियोगी परीक्षा में धांधली और नकल कराने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। 29 जुलाई को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित परीक्षा के दौरान यह कार्रवाई की गई। दंडाधिकारी और पुलिस बल की मुस्तैदी से परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर सक्रिय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में परीक्षा दे रहे दो अभ्यर्थियों के अलावा बिहार पुलिस का एक सिपाही और दो होमगार्ड जवान भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित ‘आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनी’ परीक्षा केंद्र पर गहन चेकिंग के दौरान दो परीक्षार्थियों विश्वजीत कुमार शर्मा (वैशाली) और अमित कुमार (भोजपुर) के पास से संदेहास्पद इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए।

सख्ती से की गई पूछताछ में दोनों अभ्यर्थियों ने स्वीकार किया कि केंद्र के बाहर मौजूद उनके सहयोगी वॉकी-टॉकी और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के माध्यम से उन्हें उत्तर उपलब्ध कराने की फिराक में थे। जानकारी की पुष्टि होते ही पुलिस ने केंद्र के बाहर घेराबंदी कर छह अन्य सहयोगियों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी सेट, चार्जर, बैटरी, नौ मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन और दो एडमिट कार्ड जब्त किए गए हैं। इस संबंध में मुफस्सिल थाने में भारतीय न्याय संहिता, बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 और आईटी एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह में शामिल सिपाही परीक्षा प्रणाली का लाभ उठाकर अभ्यर्थियों को उत्तर और सॉल्वर उपलब्ध कराता था। वहीं, गिरफ्तार दोनों होमगार्ड जवान परीक्षा केंद्र के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की गोपनीय जानकारी लीक करते थे। गिरोह के अन्य सदस्य अभ्यर्थियों को फंसाने, पैसों का लेनदेन संभालने और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने का काम देखते थे। पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क के तार तलाश रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram