चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, पुराने मामले में वांछित आरोपी भी धराया
रांची। सदर अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का रांची पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गयी हैं।
पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को सदर अस्पताल परिसर में बाइक चोरी की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अंसारी, मो. फैजल, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरुल्लाह और सैक अंसारी उर्फ राज के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान वर्ष 2021 के एक पुराने बाइक चोरी के मामले में वांछित शाहिद राय को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



