धनबाद : धनबाद में बुधवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो अपराधियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, वासेपुर के भूली मोड़ पर फायरिंग करने वाले अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए थे। इनमें चंदन ठाकुर भी शामिल था। पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदन ठाकुर अपने मामा और एक अन्य साथी के साथ वहां मौजूद है।
पुलिस टीम जब उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें चंदन ठाकुर को गोली लगी। एक अन्य अपराधी भी घायल हुआ है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके से दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को वासेपुर के भूली मोड़ पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी। इस घटना में गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान, एक दुकानदार और उत्तर प्रदेश से आई एक युवती घायल हो गई थी। बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर छिपे हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




