Bokaro News; आज के डिजिटल युग में ज्ञान भी डिजिटल दुनिया तक ही सिमट कर रह गया है। विद्यार्थी ई-बुक, ऑडियोबुक और वीडियो बुक के माध्यम को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। साथ ही, एआई ने विद्यार्थियों को किताबों के दूर कर दिया है। विद्यार्थियों को किताबों के प्रति जागरूक करने के लिए और उन्हें इसके महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से चिन्मय विद्यालय, बोकारो में 26 से 28 दिसंबर तक “चिन्मय लिटरेरी फेस्टिवल” – पुस्तक मेला का आयोजन किया जा रहा है। 26 दिसंबर, शुक्रवार को पुस्तक मेला का उद्घाटन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में चिन्मय मिशन, बोकारो की आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती उपस्थित रहीं। साथ ही, विद्यालय के सचिव श्री महेश त्रिपाठी, प्राचार्य श्री सूरज शर्मा उप प्राचार्य श्री नरमेंद्र कुमार और हेडमास्टर श्री गोपाल चंद्र मुंशी उपस्थित रहें। पूरे कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के पुस्तकालय विभाग के श्री आशुतोष कात्यान, श्री पंकज मिश्रा और श्री एसएन झा ने मिलकर किया।

उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद, मंच संचालन करते हुए श्रीमती सुप्रिया चौधरी ने विद्यार्थियों को किताबें और उनके उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कैसे एक किताब को पढ़ने की आदत किसी के लिए भी वरदान के रूप में काम करती है।

इसके बाद, विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने कहा कि सभी को पुस्तकों से प्रेम करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हर दिन अपने कोर्स से हटकर पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी को स्क्रीन टाइम कम करते हुए किताबों के साथ अधिक से अधिक समय बिताना चाहिए।

 

हर विषय वस्तु से संबंधित पुस्तक उपलब्ध
चिन्मय विद्यालय, बोकारो में आयोजित पुस्तक मेला में हर विषय वस्तु से संबंधित किताब उपलब्ध है। स्कॉलास्टिक, ऑक्सफोर्ड बुक स्टोर और लक्ष्मी पब्लिकेशन ने पुस्तक मेला में अपने स्टॉल लगाए हैं। इनमें साहित्य, कला, काल्पनिक, सामान्य ज्ञान और कोर्स की किताबों के साथ – साथ विभिन्न आयु वर्ग के लिए भी विशेष किताबों की प्रदर्शनी लगाई गई है। पुस्तक मेला को पहले दिन, यानी 26 दिसंबर को केवल विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ही खोला गया। दूसरे दिन, यानी 27 दिसंबर को विद्यालय के विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ यहां आ सकेंगे और अंतिम दिन, 28 दिसंबर को ये पुस्तक मेला सभी के लिए खोला जाएगा।

Share.
Exit mobile version