फॉण्ट कनवर्टर NEW

CID बनकर दो महीने से करता रहा ठगी, चाईबासा में फर्जी पुलिस का पर्दाफाश

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोपी फर्जी पुलिस नंबर प्लेट लगी

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोपी फर्जी पुलिस नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल से घूमकर खुद को CID का अधिकारी बताता था और लोगों को डराकर उनसे पैसे ऐंठता था।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ताम्बो चौक के आसपास काले-हरे रंग की SP Shine मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस का फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी लोगों से ठगी कर रहे हैं और उनके पास चोरी की मोटरसाइकिल व अन्य आपत्तिजनक सामान मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

इस खबर को भी पढ़ें : बिना मेडिकल व्यवस्था मैराथन! चाईबासा कॉलेज में छात्र की मौत पर बवाल

गुरुवार को पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि उक्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टुंगरी पुल के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। बाइक पर दो लोग सवार थे। पूछताछ में एक ने अपना नाम रोशन एक्का (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय वरदान एक्का, निवासी महुलसाई (मटकमहातु), थाना मुफ्फसिल बताया, जबकि दूसरा एक नाबालिग सनातन पाट पिंगुवा (17 वर्ष), पिता देवेंद्र पाट पिंगुवा, निवासी मुरसाई, थाना मझगांव पाया गया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से असली नंबर प्लेट JH06Q 3520 बरामद की गई, जबकि बाइक पर पुलिस का लोगो लगा फर्जी नंबर प्लेट JH06Q 8055 लगा हुआ था। इसके अलावा रोशन एक्का के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन तथा नाबालिग के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप प्रोफाइल पर वरीय पुलिस पदाधिकारी की तस्वीर लगाकर खुद को बड़ा अधिकारी बताता था और इसी तरीके से लोगों को डराकर पैसे की मांग करता था।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब दो माह पूर्व उन्होंने नोवामुंडी थाना क्षेत्र के ग्राम डांगोवापोसी मुंडासाई निवासी विक्की कुमार गोप से खुद को CID इंस्पेक्टर बताकर ठगी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 13/2026, दिनांक 14.01.2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 205, 319(2), 318(4), 338, 336(3), 341(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रोशन एक्का का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह एक पुराने मामले में सजायाफ्ता भी रह चुका है।

इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टुटी के नेतृत्व में विनोद कुमार, अरविंद कुमार शर्मा, रितेश कुमार सिंह तथा मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram