फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर में रंगदारी गैंग का पर्दाफाश, फायरिंग करने वाले तीन बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार

Jamshedpur news: गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में 18 जुलाई की शाम रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में 18 जुलाई की शाम रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

शुक्रवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक दुकानदार से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने दुकानदार को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद गोलमुरी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी चर्च के पीछे रामदेव बगान निवासी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह, टुइलाडुंगरी के बजरंगनगर निवासी मनदीप सिंह तथा गाढ़ाबासा निवासी रोमी सिंह उर्फ सरदार शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि दुकानदारों में भय पैदा कर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से उन्होंने फायरिंग की थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच-05 बीटी-4437) बरामद की। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मनदीप सिंह पर मारपीट, हत्या के प्रयास और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, अनुसंधानकर्ता सुभाष चंद्र तथा पुलिस पदाधिकारी राज रंजन सिन्हा, गौरव सिंह, अजीत प्रकाश, अभय मिंज, इन्द्रदेव राम, रफीक आलम, नंदू कुंकल और गोलमुरी थाना के सशस्त्र बल की सक्रिय भूमिका रही।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram