पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव शामिल हैं।
वहीं, पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद वर्तमान सदस्य हैं।
इन आठ सीटों के चुनाव के बाद बिहार विधान परिषद में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले नए सदस्यों का चयन होगा।




