रांची: राजधानी रांची में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया (BOI) के नाम और लोगो वाले फर्जी ऐप के जरिए 70 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 4.90 लाख रुपये ठग लिए। मामले में पीड़ित कवल किशोर प्रसाद की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर को उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े एक फर्जी ऐप का नोटिफिकेशन आया। बैंक का लोगो देखकर उन्होंने इसे असली समझ लिया और दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपनी जानकारी भर दी।
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें फोन और वीडियो कॉल किया। खुद को बैंक कर्मचारी बताकर उन्होंने बैंकिंग प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पीड़ित से जरूरी जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से करीब 4.90 लाख रुपये निकाल लिए गए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने बैंक जाकर अपना खाता होल्ड कराया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में छह लोगों को नामजद किया है। जांच में पता चला है कि ठगी की रकम कई बैंक खातों और अमेजन पे के जरिए अलग-अलग जगह भेजी गई। पुलिस अब इन खातों की जांच कर साइबर ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।




