सहरसा: सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह पूर्णिया-हटिया कोसी एक्सप्रेस (18625) के AC कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया गया कि ट्रेन के 3 AC के M3 कोच में ब्रेक बाइंडिंग की वजह से धुआं निकला। सुबह करीब 6:36 बजे इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली। इसके बाद अग्निशमन टीम को मौके पर बुलाया गया और स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।
स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार गुप्ता के अनुसार, ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से करीब 1 घंटे 13 मिनट देर से पहुंची थी। घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुरक्षा के मद्देनजर M3 कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कर दिया गया, जबकि प्रभावित कोच को खाली रखा गया। रेलवे अधिकारियों और अग्निशमन टीम की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कोच में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या किस कारण से हुई।
Read more : ITBP जवान की सड़क हादसे में मौत, तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा पार्थिव शरीर




