Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लुपुंगगुटू पंचायत के पाताहातु एवं लुपुंगगुटू गांव में ग्रामीणों ने नशा मुक्ति अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। अभियान का आयोजन ग्रामीण मुंडा सुनील देवगम की अध्यक्षता में किया गया। यह अभियान झारखंड सरकार के निर्देश और जिला प्रशासन की पहल के तहत चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने रैली निकालकर नशा छोड़ने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि नशे की आदत को जड़ से खत्म करना है और बेहतर जिंदगी को अपनाना है।

साथ ही नशे की राह पर भटक चुके युवाओं को भी मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा गया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है, घरों में तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा नशे की वजह से सड़क दुर्घटनाएं, गंभीर बीमारियां और कई सामाजिक अपराधों को बढ़ावा मिलता है। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि नशा समाज के विकास में बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई परिवार परेशान होते हैं और युवा वर्ग अपने लक्ष्य से भटक जाता है। पुलिस प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे के कारोबार और सेवन को रोकने में सहयोग करें, ताकि समाज को सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सके। प्रखंड प्रमुख संघ के अध्यक्ष सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को सही दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से दूर रखकर शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक कार्यों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी लोग मिलकर नशा मुक्त गांव और स्वस्थ समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

अभियान के दौरान बच्चों ने भी नशा मुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा को खत्म करना है और देश को बचाना है। बच्चों ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। इस अवसर पर लुपुंगगुटू पंचायत के मुखिया गुलशन सुंडी, जेएसएलपीएस की महिला समिति, संत जेवियर बालिका विद्यालय पाताहातु, संत जेवियर मध्य विद्यालय लुपुंगगुटू के शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया दीदी, महिला समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान रैली सफल रही।

Share.
Exit mobile version