K. Durga Rao.
कांड्रा। आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कांड्रा टोल प्लाजा से आगे नव निर्मित पावर ग्रिड के समीप गुरुवार रात करीब नौ बजे एक सड़क दुर्घटना में पिकअप वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब ब्रेकडाउन होकर सड़क पर खड़े एक 407 वाहन से पीछे से आ रही पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क के रखरखाव का जिम्मा संभाल रही जेआरडीसीएल (JRDCL) को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटाने के लिए क्रेन उपलब्ध कराई जा सकी। ऐसे में गंभीर रूप से घायल चालक को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रखरखाव, एंबुलेंस, क्रेन तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की जिम्मेदारी जेआरडीसीएल के पास है, लेकिन दुर्घटनाओं के समय कंपनी की व्यवस्था अक्सर प्रभावी नहीं दिखती। उनका कहना है कि कई बार ईंधन की कमी या चालक उपलब्ध नहीं होने जैसी वजहों से राहत कार्य में देरी होती है, जिससे घायल लोगों को समय पर सहायता नहीं मिल पाती।
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन लंबे समय तक सड़क पर खड़ा रहने से यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस की देखरेख में यातायात सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों ने जेआरडीसीएल से सड़क पर आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, एंबुलेंस एवं क्रेन की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था लागू करने की मांग की है।





