Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु रोड नंबर एक में रहने वाले 28 वर्षीय आकाश साहू की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गई। जोमैटो में फूड डिलीवरी का काम करने वाले आकाश को घटना के तुरंत बाद परिजन मर्सी अस्पताल ले गए थे, जहां से गंभीर हालत में उसे टीएमएच रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद मृतक की पत्नी सीमा देवी ने अपनी सास श्यामकली देवी, जेठ और परिवार के अन्य सदस्यों पर पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सास का दबाव और विवाद
सीमा देवी के अनुसार, उन्होंने करीब आठ साल पहले आकाश साहू के साथ प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे भी हैं। सीमा का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी सास श्यामकली देवी लगातार आकाश पर घर छोड़ने का दबाव बना रही थीं, जिसके चलते घर में अक्सर कलह और विवाद होता रहता था।
पत्नी के मैदान जाते ही उठा लिया खौफनाक कदम
सीमा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब आकाश काम पर निकले थे, तब सास ने उनके साथ जमकर गाली-गलौज की। इस बात से परेशान होकर आकाश ने फोन पर अपनी पत्नी को पूरी बात बताई, जिसके बाद सीमा बच्चों को लेकर मैदान चली गईं। कुछ देर बाद जब उन्होंने पति को वापस फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। घर लौटने पर उन्होंने पंखे से चुन्नी के सहारे आकाश का शव लटका हुआ पाया।
पुलिस खंगाल रही मामले की हर कड़ी
घटना की सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल दौड़े, लेकिन आकाश की जान नहीं बचाई जा सकी। पीड़ित पत्नी सीमा देवी ने पुलिस से मांग की है कि इस मौत के पीछे की सभी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। स्थानीय पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




