Bokaro News: बोकारो जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत दास टोला, वार्ड संख्या-2 में सोमवार को मुखिया स्वरूप दास ने दो पेवर ब्लॉक सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। शिलान्यास के अवसर पर मुखिया स्वरूप दास ने कहा कि बरसात के दिनों में इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण का निर्णय लिया गया, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने पंचायत के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया, लेकिन मेरे कार्यकाल में पंचायत का सर्वांगीण एवं चौमुखी विकास प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, नाली, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने मुखिया स्वरूप दास के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दास टोला में पिछले करीब 15 वर्षों से सड़क निर्माण नहीं हुआ था। अब सड़क का शिलान्यास होने से लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही आवागमन की समस्या दूर होगी। ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान मुखिया पंचायत के विकास के लिए सक्रियता से कार्य कर रहे हैं, जिसका लाभ आम लोगों को मिल रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





