Chaibasa News: झारखंड सरकार ने समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारियों के पदनाम में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए नई अधिसूचना जारी की है। इसके तहत निम्नवर्गीय लिपिक का पदनाम अब सहायक, उच्च वर्गीय लिपिक का वरीय सहायक तथा प्रधान लिपिक का सहायक प्रशासी पदाधिकारी कर दिया गया है। लंबे समय से की जा रही कर्मचारियों की मांग पूरी होने के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले में खुशी का माहौल है।

सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए समाहरणालय संवर्ग कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। कर्मचारियों ने पदनाम परिवर्तन को उनकी लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कर्मचारियों को नए पदनाम की बधाई दी और मिठाई खिलाकर उनकी खुशी में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पदनाम में बदलाव के साथ कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उन्होंने सभी कर्मियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें और जिले के विकास कार्यों को गति मिले।

कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि नए पदनाम से न केवल उनकी पहचान और कार्य की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि इससे कर्मचारियों का मनोबल भी मजबूत होगा। उनका विश्वास है कि इस निर्णय से समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी पहले से अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

Share.
Exit mobile version