झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैनर तले बुधवार को चैनपुर अनुमंडल में चैनपुर, डुमरी और जारी प्रखंड के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। चैनपुर स्थित पारिस प्रतिष्ठान में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता विधायक सह गुमला जिला अध्यक्ष भूषण तिर्की ने की। बैठक में बीएलए-2, पंचायत समिति, प्रखंड समिति एवं जिला समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि स्पेशल समरी रिवीजन अभियान के तहत क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इसे जनसेवा का संकल्प मानते हुए घर-घर जाकर लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना केवल मतदान के लिए ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रक्रियाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं।
विधायक ने जानकारी दी कि जारी प्रखंड में अब तक लगभग 93 प्रतिशत तथा चैनपुर और डुमरी में 88 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है। अब लक्ष्य इसे शत-प्रतिशत तक पहुंचाने का है। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई तक सभी आवश्यक प्रपत्र हर हाल में भर लिए जाएं।
खेती-बाड़ी और वर्षा ऋतु के बावजूद उन्होंने इस अभियान को गंभीरता से लेने की अपील की। फॉर्म भरने में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ शिक्षकों एवं शिक्षित स्वयंसेवकों की भी मदद ली जा रही है।
बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे अबुआ आवास योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और मइयां सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मतदाता सूची में नाम और पहचान संबंधी दस्तावेजों का होना महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने घोषणा की कि चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय में जल्द ही एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक का संचालन पोलिकारप तिर्की ने किया। इस अवसर पर गुमला जिला सचिव अरशद अंसारी, संगठन सचिव सह केंद्रीय सदस्य सेंडरार, जिला नगर अध्यक्ष वसीम खान, जिला संयुक्त सचिव शमीम खान, जिला महिला सचिव फजिरत्ता बारला, प्रखंड अध्यक्ष पोलिकारप बारला, जयमसीह कुजूर, विन्सेन्ट कुजूर, मोनिका एक्का, शोषन लकड़ा, शकील खान, फिनोमिना कच्छप, शहादत हुसैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




