लातेहार: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिले के शहरी और सुदूर ग्रामीण इलाकों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी की शिकायतों को गंभीरता से सुना और जल्द से जल्द त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान मनिका प्रखंड की बड़काडीह पंचायत (ग्राम हाटा) से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया। ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र का सीएससी (CSC) संचालक जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहा है। ग्रामीणों ने आवेदन में पीड़ितों के नाम और उनसे ऐंठी गई राशि का स्पष्ट ब्योरा भी सौंपा।
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी सेवाओं के नाम पर आम जनता से लूट और ठगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि लातेहार जिले में आम जनमानस की समस्याओं के निस्तारण के लिए हर मंगलवार और शुक्रवार को जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर जन शिकायत निवारण शिविर का नियमित आयोजन किया जाता है।




