रांची : रांची जिले में धान खरीद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को समाहरणालय में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इसमें 15 दिसंबर 2026 से संभावित धान खरीद को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में पंजीकृत किसानों की संख्या, धान खरीद के लक्ष्य और अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन पर चर्चा हुई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों का चयन करते समय किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
किसानों के नजदीक बनाए जाएंगे धान खरीद केंद्र
डीसी ने कहा कि धान खरीद केंद्र ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं, जहां किसानों को पहुंचने में परेशानी न हो। उन्हें धान बेचने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़े।
केंद्रों के चयन में गोदाम की उपलब्धता, पिछले वर्षों में धान खरीद का रिकॉर्ड, बकाया राशि, नियमित ऑडिट और प्राथमिकी दर्ज होने जैसी स्थितियों की जांच की जाएगी। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में धान उत्पादन की भी समीक्षा होगी।
नए केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन
बैठक में तय किया गया कि नए धान खरीद केंद्रों के प्रस्तावों का पहले भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही केंद्रों के चयन पर फैसला लिया जाएगा।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की जरूरत और केंद्रों की दूरी को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी करें।
राइस मिलरों के चयन पर भी चर्चा
बैठक में राइस मिलरों के चयन को लेकर भी चर्चा हुई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय नियमों का पालन करने और धान खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि धान खरीद शुरू होने पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित कृषि, सहकारिता, भारतीय खाद्य निगम, जिला उद्योग केंद्र और प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारी मौजूद रहे।




