फॉण्ट कनवर्टर NEW

खाना खाया, बिल मांगने पर 20 लड़कों के साथ पहुंचा युवक; रेस्टोरेंट में मचाया तांडव!

दरभंगा में खाने का बकाया बिल मांगने पर करीब 20 बदमाशों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और संचालक को पीटकर अधमरा कर दिया। महिला कर्मियों से भी धक्का-मुक्की की गई।
दरभंगा रेस्टोरेंट मारपीट तोड़फोड़ सीसीटीवी
दरभंगा के सर्वे कार्यालय परिसर स्थित रेस्टोरेंट में हुई तोड़फोड़

अपनी भाषा में पढ़ें

Darbhanga: दरभंगा शहर के सर्वे कार्यालय परिसर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। तीन-चार दिन पहले खाए गए खाने का बिल मांगने से नाराज एक युवक अपने करीब 20 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचा और पूरे रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उपद्रवियों ने रेस्टोरेंट संचालक को कुर्सी और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, जबकि बीच-बचाव करने आई महिला कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई। घायल संचालक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधारी का तकादा करने पर 20 लड़कों के साथ पहुंचा आरोपी

अस्पताल में इलाजरत रेस्टोरेंट संचालक सुमित कुमार झा (32 वर्ष), जो मूल रूप से मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र स्थित सरसोपाही रामपुर गांव के निवासी हैं, ने घटना की पूरी आपबीती बताई। सुमित के अनुसार, तीन-चार दिन पहले दीपक झा नाम का युवक अपने दोस्तों के साथ खाना खाने आया था। उस वक्त पैसे न होने की बात कहकर वह अगले दिन बिल चुकाने का वादा करके चला गया। इसके बाद जब फोन पर उससे बकाए का भुगतान करने को कहा गया, तो वह टालमटोल करता रहा। बुधवार शाम अचानक दीपक करीब 20 उपद्रवी युवकों के साथ रेस्टोरेंट आ धमका और गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।

चाकू-छुरों से लैस थे बदमाश, महिला स्टाफ से भी बदसलूकी

हमलावरों के हाथों में चाकू, छुरे और लाठी-डंडे थे। उन्होंने रेस्टोरेंट की कुर्सियों और मेजों को पटक-पटक कर तोड़ दिया। जब संचालक सुमित ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो सभी ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा। रेस्टोरेंट में काम कर रही महिला कर्मियों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उनके साथ भी हाथापाई और धक्का-मुक्की की। इस सरेआम गुंडागर्दी से आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई।

पूरी वारदात CCTV में कैद, पुलिस खंगाल रही फुटेज

हमले की यह पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि घायल संचालक के पूरी तरह स्वस्थ होकर लिखित शिकायत देने के बाद औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस घटना के बाद से सर्वे कार्यालय परिसर के अन्य दुकानदारों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram