गुमला/बिशनपुर :-गुमला जिले के बिशनपुर प्रखंड में प्रत्येक मंगलवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार इन दिनों सुविधा से अधिक खतरे का कारण बनता जा रहा है। बाजार के दिन सवारी पिकअप वाहनों में खुलेआम ओवरलोडिंग की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

खासतौर पर बनारी–कश्मार क्षेत्र से बिशनपुर बाजार आने-जाने वाले पिकअप वाहनों में क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं। कई वाहनों में लोग पीछे की ओर लटकते, झूमते और डोलते हुए सफर करते नजर आते हैं। वाहन असंतुलित होने या अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार के दिन ओवरलोड वाहनों की संख्या में अचानक इजाफा हो जाता है, लेकिन इस पर कोई ठोस निगरानी नहीं होती। न तो नियमित वाहन जांच दिखाई देती है और न ही ओवरलोडिंग करने वाले चालकों पर कार्रवाई।

ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कई बार बड़ी घटनाएं होते-होते टल चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। चालक अधिक सवारी बैठाकर मुनाफा कमाने के चक्कर में यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।

बिशनपुर बाजार आने वाले ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मंगलवार को विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाए। साथ ही ओवरलोडिंग करने वाले पिकअप वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले हालात पर काबू पाया जा सके। लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी बड़े हादसे की पूरी आशंका बनी रहेगी।

बिशनपुर से प्रदीप कुमार साहू की रिपोर्ट

Share.
Exit mobile version