Ranchi : सावन की पहली सोमवारी पर रांची के पहाड़ी मंदिर के पट सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
दिनभर खुले रहेंगे मंदिर के पट
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के पट पूरे दिन खुले रहेंगे। भक्त शाम 6 बजे तक जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर की साफ-सफाई, बाबा का शृंगार और संध्या आरती होगी। रात 9 बजे तक श्रद्धालु शृंगार दर्शन कर सकेंगे।
भीड़ को संभालने के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतारें बनाई गई हैं। पूरे परिसर में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। पुलिस बल, मंदिर समिति के सदस्य और स्वयंसेवक भी तैनात हैं।
सेवा शिविर और सफाई की व्यवस्था
मंदिर परिसर और मार्ग पर कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने सेवा शिविर लगाए हैं। रांची नगर निगम ने सफाई के लिए 100 कर्मियों को तैनात किया है और पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
बोल बम के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
पहली सोमवारी पर मंदिर परिसर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।




