रांची: चर्चित कोयला घोटाले की जांच में जुटी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई अब और तेज हो गई है। सोमवार को कोयला व्यापारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ईडी के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पेश हुईं, जहां अधिकारियों ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनसे सघन पूछताछ शुरू कर दी।
उल्लेखनीय है कि कोयला घोटाले में दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान ईडी ने लगभग 160 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय निवेश को फ्रीज कर दिया था। जब्त किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेजों में आरती सिंह के नाम पर किए गए बड़े निवेश की जानकारी भी सामने आई थी।
इसी निवेश के आधार पर ईडी ने उन्हें स्पष्टीकरण के लिए दो बार पहले भी समन जारी किया था। हालांकि, आरती सिंह ने पिछले दोनों मौकों पर पूछताछ में शामिल होने के बजाय एजेंसी से अतिरिक्त समय की मांग की थी। ईडी द्वारा भेजे गए तीसरे समन का पालन करते हुए वह अंततः 31 अगस्त को पूछताछ के लिए अधिकारियों के समक्ष हाजिर हुईं। ईडी की टीम अब उनके नाम पर हुए वित्तीय लेन-देन और निवेश के स्रोतों को लेकर विस्तार से जानकारी जुटा रही है।




