फॉण्ट कनवर्टर NEW

सीठियो घाट पर शव जलाने के नाम पर मनमानी वसूली, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

धुर्वा-कचहरी सिटी बस सेवा बहाल करने और आवारा कुत्तों के आतंक पर सख्त कार्रवाई की मांग

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: एचईसी आवासीय क्षेत्र के निवासियों ने नागरिक समस्याओं से परेशान होकर नगर निगम का दरवाजा खटखटाया है। सोमवार को नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मंगल शर्मा की अगुवाई में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर चार प्रमुख समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेने और कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस आवेदन की प्रतिलिपि महापौर और उप महापौर को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा सीठियो रोड स्थित श्मशान घाट पर शवों के अंतिम संस्कार के नाम पर हो रही मनमानी पैसों की वसूली का उठाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां अंतिम संस्कार कराने पहुंच रहे परिजनों से बेहिसाब शुल्क वसूला जा रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि श्मशान घाट पर लकड़ी की तय दरें और दाह-संस्कार करने वाले कर्मियों की मजदूरी पारदर्शी तरीके से निर्धारित की जाए। साथ ही, इसके लिए श्मशान परिसर में एक आधिकारिक सूचना पट (नोटिस बोर्ड) भी लगाया जाए ताकि आम जनता से कोई अवैध वसूली न कर सके।
इसके अलावा निवासियों ने धुर्वा से कचहरी मार्ग पर बंद पड़ी सिटी बस सेवा को जल्द शुरू करने की अपील की। बस सेवा बंद होने के कारण दैनिक यात्रियों और आम लोगों को कई बार ऑटो बदलने पड़ते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है।
आवेदन में कॉलोनियों में बढ़ रहे आवारा कुत्तों के आतंक से सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया है। निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की वजह से छोटे बच्चों और राहगीरों की जान को खतरा बना रहता है। साथ ही, जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की गई है ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram