फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

पटना साहिब प्रकाश पर्व पर CM सम्राट का फोकस, थीम होगी ‘बिहार है तैयार, जी आया नूं’

सीएम सम्राट चौधरी ने तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने आज तख्त श्री हरमंदिर जी गुरुद्वारा पटना साहिब में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकाश पर्व में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवासन एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने प्रकाश पर्व के आयोजन की प्रस्तावित कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यवस्थाओं एवं तैयारियों से अवगत कराया।

भव्य आयोजन और थीम

बैठक में बताया गया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 09 जनवरी से 16 जनवरी, 2027 तक किया जाएगा। इस आयोजन की थीम ‘बिहार है तैयार, जी आया नूं’ रखी गई है। श्रद्धालुओं के आवासन के लिए लगभग 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्था करने तथा करीब 20 हजार लोगों के ठहरने की सुविधा विकसित करने की योजना है। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यों एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसों का परिचालन किया जाएगा। कॉम्फेड की ओर से दूध एवं दही की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट, चेकपोस्ट, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन, वाटर मेट्रो और रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था

सीएम ने कहा कि प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए आवागमन की व्यवस्था सुगम एवं सुविधाजनक होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तख्त श्री हरमंदिर साहित गुरुद्वारा तक पहुँचने वाली सड़कों को व्यवस्थित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सीएम ने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तथा पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक को पटना साहिब रेलवे स्टेशन को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप विकसित एवं व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गुलजारबाग, पटना जंक्शन एवं राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने कोलकाता से वाटर मेट्रो किराये पर लेने की संभावना पर भी विचार करने को कहा।

स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

सीएम ने कहा कि प्रकाश पर्व का आयोजन जनवरी माह में होगा, जब ठंड का मौसम रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की जाएं। उन्होंने हृदय रोग विशेषज्ञों सहित आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक से पहले सीएम ने तख्त श्री हरमंदिर जी गुरुद्वारा पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सीएम को सरोपा, तलवार एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram