Patna: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बिहार भर में भक्ति और उल्लास का माहौल है। महासप्तमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना के प्रमुख पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने समस्त बिहारवासियों के कल्याण, राज्य की शांति, सुख और निरंतर समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
प्रमुख पूजा पंडालों में किया दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी के जगदेव पथ स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति (मून क्लब), बोरिंग रोड में कृष्णा अपार्टमेंट के सामने स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति भद्र काली मंदिर तथा बोरिंग रोड चौराहा स्थित पूजा पंडाल का दौरा किया। पंडालों में मां भगवती की आरती उतारने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे, जिससे बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़े और खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छुए।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद संजय मयूख और बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह उपस्थित रहे। साथ ही पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित संबंधित पूजा समितियों के आयोजक, अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद रहे।




