Ranchi : शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने ठोस पहल की है। इसी क्रम में बुधवार, 17 दिसंबर 2025 को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सिटी लॉजिस्टिक कॉर्डिनेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर बड़े लॉजिस्टिक एवं मालवाहक वाहनों के आवागमन से उत्पन्न यातायात दबाव को कम करने के लिए व्यावहारिक और प्रभावी समाधान तलाशना था।

बैठक में रांची शहर की वर्तमान ट्रैफिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई और यह स्पष्ट किया गया कि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। इस दौरान झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JIIDCO) की टीम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से शहर में ट्रैफिक कंजेशन कम करने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत की।

प्रस्तुतीकरण में लॉजिस्टिक वाहनों की आवाजाही के लिए समय निर्धारण, वैकल्पिक मार्गों की पहचान, नो-एंट्री जोन का निर्धारण, लास्ट माइल डिलीवरी मैनेजमेंट, ट्रक टर्मिनल एवं होल्डिंग एरिया के विकास तथा स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि आधुनिक तकनीक और डेटा आधारित ट्रैफिक प्रबंधन से शहर में यातायात को अधिक सुगम बनाया जा सकता है।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि रांची एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है और विकास के साथ यातायात प्रबंधन को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लॉजिस्टिक वाहनों के संचालन को सुव्यवस्थित करते हुए आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक ठोस और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

बैठक में कई अहम निर्णय भी लिए गए। इसके तहत भारी वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय-सीमा निर्धारित करने, पीक आवर्स के दौरान बड़े लॉजिस्टिक वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाने, अधिक भीड़-भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू करने तथा आधुनिक तकनीक आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को अपनाने पर सहमति बनी।

उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में उप विकास आयुक्त रांची सौरभ कुमार भुवनिया, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जेआईआईडीसीओ के प्रबंधक साकिब अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह बैठक रांची जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत शहर को जाम मुक्त, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से रांचीवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Exit mobile version