रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) से जुड़े मामले में CID ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। CID ने शनिवार को पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र से कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदन कुमार, पिता रामलाल राम, निवासी डुमरी गांव, पोस्ट नमोदाग, थाना नौडीहा बाजार, पलामू के रूप में हुई है।
CID के अनुसार, यह कार्रवाई JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े CID थाना कांड संख्या 01/2025 में की गई है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर दर्ज मामले की जांच जारी है।
जांच एजेंसी मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपियों की भूमिका और परीक्षा में कथित अनियमितताओं से उनके संबंध की भी जांच की जा रही है।
CID की ओर से इस मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।




