Chaipur (Gumla): चैनपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर मोड़ के पास शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुमला से डुमरी की ओर जा रहे चावल लदे ट्रक और विपरीत दिशा से आ रही सेंट्रो कार की आमने-सामने टक्कर में एक शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक (जेएच 02 डब्ल्यू 7481) गुमला से डुमरी जा रहा था, तभी जारी की ओर से गुमला आ रही सेंट्रो कार (जेएच 01 क्यू 3111) छतरपुर मोड़ के पास ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार शिक्षक अंदर ही बुरी तरह फंस गए। मृतक की पहचान रेंगनी टोली, जारी निवासी अशोक कुमार खलखो (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वे राज्यकृत उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, जारी में शिक्षक थे और विद्यालय संबंधी कार्य से गुमला जा रहे थे। हादसे में उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक दकीनेश्वर रजक को सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद शिक्षक के शव को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा व दिलीप बड़ाईक, बीडीओ यादव बैठा, अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता, मुखिया सुशील दीपक मिंज सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। शव को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. दीपशिखा किंडो ने मृत घोषित किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वहीं, शिक्षा जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से छतरपुर मोड़ पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Share.
Exit mobile version