गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के दलदल में धकेलने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। इस मामले में चैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वाहन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पीड़ित नाबालिग की मां रेखा बाड़ा ने चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी दी। आवेदन के अनुसार, करीब दस दिन पूर्व उनकी 16 वर्षीय बेटी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात महिला का कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने खुद को डालटनगंज निवासी बताते हुए लड़की को पैसों और ऐशो-आराम की जिंदगी का लालच दिया।

आरोप है कि फोन पर कहा गया कि एक रात के बदले उसे छह हजार रुपये मिलेंगे। बेटी की गतिविधियों पर संदेह होने पर मां ने तत्काल इसकी जानकारी जेएसएलपीएस (JSLPS) की सदस्यों को दी, जिसके बाद पूरा मामला पुलिस तक पहुंचा।

योजना के तहत सोमवार 22 दिसंबर 2025 को डालटनगंज से एक वाहन चैनपुर पहुंचा, जिसमें चार लोग नाबालिग को लेने आए थे। पहले से सतर्क ग्रामीण महिलाओं और चैनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाहन संख्या JH03AT9491 के साथ चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में नितीश कुमार (23) महुआडांड़, लातेहार; सोनी कुमारी उर्फ खुशी (23) डालटनगंज, पलामू; नंदनी कुमारी (18) डुमरी, गुमला; और कैफ रजा (19) चैनपुर, पलामू शामिल हैं।

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने साजिश के तहत नाबालिग को देह व्यापार के लिए ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Share.
Exit mobile version