अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े और गंभीर मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर लिया है। करलाजोड़ी के निवासी परमेश्वर पुरती से साइबर अपराधियों ने ‘जीवन प्रमाण पत्र अपडेट’ कराने के नाम पर 16 लाख 92 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पीड़ित की शिकायत पर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 185/2025 दर्ज किया गया था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
देवघर से हुई मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी में इस्तेमाल हुए बैंक खातों को साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देकर तत्काल होल्ड कराया।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर, पुलिस टीम ने देवघर जिले के रघुनाथपुर निवासी मो. सकीर अंसारी (20) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ठगी में उपयोग किया गया OPPO Reno 12–5G मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पूछताछ में, आरोपी ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए अन्य शामिल साइबर ठगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मो. सकीर अंसारी पर पहले भी देवघर साइबर थाना में वर्ष 2021 में गंभीर धाराओं वाले मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

