Bokaro News: बोकारो, 28 जुलाई: होमगार्ड एवं चौकीदार भर्ती की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को छात्र संघ एवं अभ्यर्थियों के संयुक्त तत्वावधान में अमृत पार्क से उपायुक्त (डीसी) कार्यालय तक विशाल पैदल आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी डीसी कार्यालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। आंदोलन को समर्थन देने के लिए डुमरी विधायक जयराम महतो एवं झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों की मांग को जायज बताते हुए सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की अपील की।
आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र नेताओं एवं अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता के दौरान प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अगले 45 दिनों के भीतर होमगार्ड एवं चौकीदार भर्ती प्रक्रिया (विज्ञापन/अधिसूचना) शुरू कर दी जाएगी।
डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य में लंबे समय से युवा रोजगार की आस लगाए बैठे हैं। सरकार को बिना विलंब भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि तय समय के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वे अभ्यर्थियों के आंदोलन के साथ खड़े रहेंगे।
झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि युवाओं की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी समाप्त कर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करनी चाहिए।
प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्र नेता युगदेव माहथा ने कहा कि अभ्यर्थी फिलहाल धरना स्थगित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 45 दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो उग्र एवं निर्णायक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में होमगार्ड एवं चौकीदार भर्ती के अभ्यर्थी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग दोहराते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन और व्यापक रूप से किया जाएगा।




