Jamshedpur news: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को साकची के स्ट्रेट माइल रोड और बाजार क्षेत्र में प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। लगातार दूसरे दिन चले इस अभियान में अवैध पार्किंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
साकची चौक से रामलीला मैदान तक चले अभियान का नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने किया। उनके साथ क्यूआरटी के जवान, ट्रैफिक पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों का चालान काटा गया। कार्रवाई के दौरान ब्लैक फिल्म लगी एक कार पर भी जुर्माना लगाया गया।
डीएसपी नीरज पाठक ने कहा कि स्ट्रेट माइल रोड पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए सड़क किनारे अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
इधर, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने भी साकची बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर तथा पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों पर दुकान लगाकर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जेएनएसी की टीम ने कई स्थानों से अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना भी वसूला।
जेएनएसी के पदाधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक और पार्किंग स्थलों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए संयुक्त रूप से नियमित अभियान चलाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को जाम और अव्यवस्था की समस्या से राहत मिल सके।
