फॉण्ट कनवर्टर NEW

बक्सर में खाद की आड़ में 31.53 लाख की विदेशी शराब जब्त, चालक फरार

बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने खाद की आड़ में लाई जा रही 31.53 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की।

अपनी भाषा में पढ़ें

Buxar: बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने शुक्रवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद की आड़ में छिपाकर लाई जा रही 31 लाख 53 हजार 600 रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जांच के दौरान चालक कंटेनर छोड़कर फरार

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच के दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के कंटेनर को रोका गया। टीम ने चालक से दस्तावेज और इनवॉइस मांगे। जाम से बचने के लिए कंटेनर को किनारे लगाने को कहा गया, लेकिन चालक वाहन को करीब 50 मीटर आगे खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

297 पेटी विदेशी शराब बरामद

चालक के फरार होने के बाद अधिकारियों ने सील कंटेनर का लॉक तोड़कर तलाशी ली। अंदर करीब 300 हरे रंग के पोटाश फॉस्फेट के डिब्बे मिले, जिनके पीछे हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 31 लाख 53 हजार 600 रुपये बताई गई है।

पोटाश फॉस्फेट के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

अधिकारियों के अनुसार, पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों में वेस्ट लिक्विड मिला है। आशंका है कि शराब को छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया गया था। इसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। मामले में सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram