फॉण्ट कनवर्टर NEW

श्राद्ध भोज के दौरान खूनी संघर्ष: खाना खाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, मुखिया समेत 6 लोग जख्मी

भागलपुर के जगदीशपुर में मातम के बीच मचा बवाल: श्राद्ध भोज में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप

अपनी भाषा में पढ़ें

भागलपुर: जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित कोला नारायणपुर गांव में सोमवार की देर रात एक श्राद्ध भोज के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भोजन करने को लेकर शुरू हुई एक मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट हुई, जिसमें स्थानीय मुखिया समेत कुल छह लोग लहूलुहान हो गए। इस हिंसक झड़प के बाद पूरे गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में आयोजित श्राद्ध भोज में लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग जख्मी हुए हैं।

चार घायलों की हालत नाजुक, मायागंज अस्पताल रेफर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मारपीट में एक पक्ष से स्थानीय मुखिया भैरव यादव और इंदर यादव को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया है। इसी पक्ष के तीसरे घायल पवन यादव का इलाज जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र में ही चल रहा है।
वहीं, दूसरे पक्ष से विशाल यादव और जज्जन यादव भी इस झड़प में बुरी तरह घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इन दोनों को भी नाजुक हालत में मायागंज अस्पताल भेज दिया है, जबकि इसी पक्ष की घायल नीतू यादव का उपचार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।

पुलिस कर रही लिखित आवेदन का इंतजार

इस पूरे मामले पर जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि कोला नारायणपुर गांव में श्राद्ध भोज के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट होने और छह लोगों के घायल होने की सूचना पुलिस को मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल दोनों में से किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जैसे ही पीड़ित पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होगा, पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram