फॉण्ट कनवर्टर NEW

Blinkit डिलीवरी वर्करों ने जताई नाराजगी, कम कमाई और सुविधाओं की कमी को लेकर उठाई आवाज

जमशेदपुर में Blinkit के डिलीवरी वर्करों ने कम आमदनी और जरूरी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई है। सोमवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में करीब 60 से 70 डिलीवरी कर्मचारी एकजुट हुए। इस दौरान उन्होंने कंपनी से भुगतान दर बढ़ाने, बीमा और सुरक्षा

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर: जमशेदपुर में Blinkit के डिलीवरी वर्करों ने कम आमदनी और जरूरी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई है। सोमवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में करीब 60 से 70 डिलीवरी कर्मचारी एकजुट हुए। इस दौरान उन्होंने कंपनी से भुगतान दर बढ़ाने, बीमा और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

कर्मचारियों का कहना है कि घंटों मेहनत करने के बावजूद उनकी कमाई इतनी नहीं हो पा रही है कि परिवार का खर्च आसानी से चल सके। वहीं, ऑर्डर कम मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

पहले 80-90 रुपये, अब 40-50 रुपये प्रति घंटे की कमाई

डिलीवरी वर्करों के अनुसार, पहले एक घंटे में करीब 80 से 90 रुपये की कमाई हो जाती थी। लेकिन अब कई बार यह घटकर 40 से 50 रुपये प्रति घंटे रह गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि डिलीवरी वर्करों की संख्या बढ़ने से ऑर्डर कम मिल रहे हैं। कई बार लंबे समय तक ऑर्डर का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी कमाई प्रभावित हो रही है।

बीमा और सुरक्षा सुविधाओं की मांग

डिलीवरी कर्मचारी जॉनी मशीह ने बताया कि कर्मचारियों को उनकी मेहनत के अनुसार भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से काम करने के बावजूद कई कर्मचारियों की आमदनी में सुधार नहीं हुआ है।

उनका आरोप है कि डिलीवरी कर्मचारियों को पर्याप्त बीमा, सुरक्षा कार्ड और नौकरी से जुड़े लिखित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। जबकि सामान पहुंचाने के दौरान उन्हें सड़क दुर्घटनाओं समेत कई जोखिमों का सामना करना पड़ता है।

कंपनी से समस्याओं के समाधान की अपील

डिलीवरी वर्करों ने कंपनी प्रबंधन से भुगतान दर बढ़ाने और जरूरी सुविधाएं देने की मांग की है। उनका कहना है कि कम कमाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो रहा है।

कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि कंपनी उनकी समस्याओं पर ध्यान देगी और जल्द समाधान निकालेगी। उन्होंने कहा कि उचित भुगतान और सुरक्षा सुविधाएं मिलने पर वे पूरी जिम्मेदारी के साथ काम जारी रखेंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram