अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने बड़ाजामदा और नोवामुंडी क्षेत्र में संचालित एक संगठित मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग छिनतई, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में करता था।
पुलिस अधीक्षक को 20 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित कुमार किन्डो के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान बड़ाजामदा के टंकीसाई स्थित दयाल कुमार नाग के घर, नोवामुंडी के डुकासाई स्थित संदीप पिंगुवा के ठिकाने तथा बड़ाजामदा लाल बिल्डिंग के समीप झाड़ियों से कुल सात वाहन बरामद किए गए। इनमें पांच हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक होंडा लिवो मोटरसाइकिल (जेएच05सीपी-7512) और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी (जेएच05बीवी-2807) शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में टंकीसाई निवासी दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू (20 वर्ष), डुकासाई निवासी संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली (25 वर्ष) तथा भट्ठीसाई निवासी बॉबी दास (19 वर्ष) शामिल हैं। जांच में दयाल कुमार नाग और संदीप पिंगुवा को गिरोह का मुख्य सदस्य पाया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
इस मामले में गुवा-बड़ाजामदा थाना कांड संख्या 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) और 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित कुमार किन्डो, किरीबुरू अंचल पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निमिर हेस्सा, पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रामविलाश महतो, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार सिंह तथा बड़ाजामदा, किरीबुरू और नोवामुंडी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पिछले 18 दिनों में चोरी के वाहनों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान पुलिस कुल 27 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में संगठित अपराध और वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

