फॉण्ट कनवर्टर NEW

1.17 लाख किसानों के खातों में पहुंची बड़ी रकम, जानिए फसल सहायता योजना का लाभ

बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2024 के 1,17,708 किसानों को ₹104.46 करोड़ DBT से मिले, खरीफ 2026 के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन करें।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2024 मौसम के 1,17,708 लाभुक किसानों के बैंक खातों में 104 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष से राशि का भुगतान किया। इस दौरान 714 पंचायतों के पात्र किसानों को योजना का लाभ दिया गया।

714 पंचायतों के किसानों को मिला लाभ

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि खरीफ 2024 मौसम के प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के बाद लाभ के लिए योग्य पाए गए 714 पंचायतों के कुल 1,17,708 किसानों को सहायता राशि का भुगतान किया गया है। इस मौके पर चयनित 9 किसानों को सांकेतिक रूप से चेक भी प्रदान किए गए। मंत्री ने कहा कि बिहार राज्य फसल सहायता योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी और किसान हितैषी योजनाओं में से एक है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल की उपज में कमी होने पर किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

योजना के लिए नहीं देना पड़ता प्रीमियम

बिहार राज्य फसल सहायता योजना पूरी तरह निःशुल्क है। इसके लिए किसानों को किसी प्रकार का प्रीमियम नहीं देना पड़ता है। फसल क्षति की स्थिति में मिलने वाली सहायता किसानों को आर्थिक कठिनाइयों से उबरने और अगली फसल के लिए कृषि कार्य जारी रखने में मदद करती है।

बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए भी अहम योजना

सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान में बाढ़ प्रभावित किसानों तक फसल क्षति की स्थिति में आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए बिहार राज्य फसल सहायता योजना की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि खरीफ 2026 में फसल क्षति से प्रभावित पात्र किसानों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। पात्र किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर दें।

फसल नुकसान पर ₹20 हजार तक सहायता

योजना के तहत थ्रेसहोल्ड उपज की तुलना में वास्तविक उपज में 20 प्रतिशत तक की क्षति होने पर 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता दी जाती है। अधिकतम 2 हेक्टेयर के लिए किसान को 15,000 रुपये तक मिल सकते हैं। वहीं, वास्तविक उपज में 20 प्रतिशत से अधिक क्षति होने पर 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 2 हेक्टेयर के लिए 20,000 रुपये तक की सहायता राशि दी जाती है। सहायता राशि लाभुक किसानों के आधार-संबद्ध बैंक खातों में DBT के जरिए सीधे अंतरित की जाती है।

खरीफ 2024 में ये फसलें थीं अधिसूचित

बिहार राज्य फसल सहायता योजना का संचालन पूरी तरह राज्य सरकार की निधि से किया जा रहा है। खरीफ 2024 मौसम के लिए धान और मकई को पंचायतस्तरीय फसल के रूप में अधिसूचित किया गया था। वहीं सोयाबीन, आलू, बैंगन, टमाटर और गोभी को जिलास्तरीय फसल के रूप में अधिसूचित किया गया था।

रबी 2024-25 के किसानों का भी चल रहा सत्यापन

रबी 2024-25 मौसम में उपज दर के आंकड़ों के आधार पर योग्य ग्राम पंचायतों के आवेदक किसानों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों का सत्यापन जिला स्तरीय समन्वय समिति यानी DLCC द्वारा कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र पाए गए और भुगतान के लिए अनुशंसित किसानों को भी सहायता राशि का भुगतान किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक, सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram