Bokaro: बोकारो की बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुविधा को लेकर बोकारो विधायक श्वेता सिंह जी की पहल पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
बोकारो स्टील सिटी से बेंगलुरु वाया काटपाडी (वेल्लोर) नई ट्रेन के परिचालन की मांग को लेकर विधायक श्वेता सिंह द्वारा किए गए प्रयासों का संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर जांच शुरू कर दी है।
माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि संबंधित विषय की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत उपयुक्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
प्रस्तावित ट्रेन बोकारो और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। विशेष रूप से बेंगलुरु में शिक्षा एवं रोजगार के लिए रहने वाले बोकारो के विद्यार्थियों, युवाओं और कामकाजी लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, इलाज के लिए काटपाडी (वेल्लोर) जाने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए भी यह सुविधा अत्यंत उपयोगी होगी।
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि बोकारो की जनता की आवश्यकताओं को समझना, उनकी समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाना और समाधान की दिशा में लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। बोकारो की रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी केंद्र एवं रेल मंत्रालय के समक्ष आवश्यक मांगें मजबूती से रखी जाएंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय की जांच के उपरांत बोकारोवासियों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और बोकारो से बेंगलुरु वाया काटपाडी नई ट्रेन के परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।





