K. Durga Rao.
सरायकेला: झारखंड पुलिस, 209 कोबरा और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में सरायकेला-खरसावां जिले में भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कांड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 के मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों की निशानदेही पर दलमा और सिकरम्बा जंगल से हथियार एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि रिमांड पर लिए गए आरोपियों में सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर, बीकेजेओ सीमा क्षेत्र कमेटी के सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो तथा सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल तथा चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी के समीप दलमा जंगल में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दो .303 रायफल, एक इंसास रायफल, एक एसएलआर, दो देशी पिस्टल, विभिन्न प्रकार की 297 जिंदा गोलियां, मैगजीन, चार्जर और एक आईईडी बरामद किया गया।
बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
संयुक्त अभियान में सरायकेला के एसपी के अलावा एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज, एसडीपीओ चांडिल शिव प्रकाश कुमार, 26वीं एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह और 209 कोबरा के सहायक समादेष्टा विपुल राज के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस एवं सुरक्षा बल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार और गोला-बारूद प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े थे और इनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों एवं आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। संयुक्त अभियान को जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




