फॉण्ट कनवर्टर NEW

पालकोट पुलिस की बड़ी कामयाबी: वनोपज व्यापारियों से लूट मामले में अंतरजिला गिरोह के 5 अपराधी गिरफ्तार, 3 देसी पिस्तौल बरामद

पालकोट (गुमला):- पालकोट साप्ताहिक बाजार में वनोपज व्यापारियों से हथियार के बल पर हुई नगदी लूट मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला अपराधी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्तौल,

अपनी भाषा में पढ़ें

पालकोट (गुमला):- पालकोट साप्ताहिक बाजार में वनोपज व्यापारियों से हथियार के बल पर हुई नगदी लूट मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला अपराधी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्तौल, तीन मैगजीन, चार जिंदा कारतूस तथा लूटी गई दो अपाचे मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। मंगलवार को पालकोट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बसिया डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने बताया कि 15 जून को पालकोट साप्ताहिक बाजार के दौरान तीन हथियारबंद अपराधियों ने दो वनोपज व्यापारियों से नगदी लूट ली थी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार होने लगे, लेकिन पाकर टोली गांव के पास ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के कारण एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक सक्रिय अंतरजिला लूट गिरोह की जानकारी मिली। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पालकोट, बसिया और पुसो थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने गिरोह के कुल पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश साहू (घाघरा), किशन महतो (कोनबीर), नीमा बड़ाईक (कोनबीर), सुमन सिंह (कोचेडेगा) और कमल सिंह (चराईडीह) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद दोनों अपाचे मोटरसाइकिलें जरियागढ़ थाना क्षेत्र से लूटी गई थीं। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अपराधियों ने पालकोट, बसिया, पुसो तथा सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में लूटपाट की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और इसमें शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान इंस्पेक्टर गुलशन भेंगरा, पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार, पुसो थाना प्रभारी जहांगीर खान, बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram